- झारखंड प्रदेश भाजपा के सभी 7 मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक संपन्न
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के रांची में आज लेक गार्डन बैंक्वेट हॉल अरगोड़ा में प्रदेश भाजपा के सभी 7 मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा सहित मोर्चा के अध्यक्ष गण, राष्टीय पदाधिकारी गण एवं प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय ने तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू ने किया।
बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा आज अपने नीतियों कार्यक्रमों के बल पर जनता का स्नेह आशीर्वाद प्राप्त करते हुए विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पारर्टी बनी है।
श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा किसी परिवार और समाज विशेष की पार्टी नहीं बल्कि जन- जन की पार्टी है। पार्टी की नीतियों ने इसे सर्व व्यापी सर्व समावेशी और सर्व स्पर्शी बनाया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के 7 मोर्चों युवा, किसान, महिला, एसटी, एससी, ओबीसी और अल्पसंख्यक में इस व्यापक स्वरूप का दर्शन होता है।उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से जन- जन तक पहुंचने, सुख- दु:ख में शामिल होकर आवाज बनने का आह्वान किया।