राजधानी में हो रही एक के बाद एक भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की दर्दनाक मौत से सकते में लोग
टीम एबीएन, रांची। जिले के सदर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। बूटी मोड़ से डुमरदगा जाने वाले में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गयी और पलट गई। इस हादसे में कार में सवार चार युवकों की मौत हो गयी है।
हादसे में मारे गये चारों युवक रांची के बरियातू बस्ती के रहने वाले बताये जा रहे हैं। सदर थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि तेज रफ्तार की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा बेहद खौफनाक था, बूटी मोड़ की तरफ से बेहद तेज गति आ रही एक लाल रंग की कार अचानक पहले पोल से टकरायी फिर हवा में उड़ते हुए सड़क किनारे की दीवार से टकरा गयी। इसके बाद कार बीच सड़क पर पलट गयी।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी और हादसा इतने कम समय में हुआ कि किसी को भी संभलने तक मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।