- कांग्रेसी नेता सुबोधकांत ने केंद्र सरकार पर बोला हमला तो वहीं हेमंत सरकार की तारीफों के बांधे पुल
टीम एबीएन, रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुबोध कांत सहाय ने एक तरफ केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए हैं वहीं एक बयान जारी कर कहा है कि पिछले 4 सालों में झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 4 सालों में झारखंड की सोरेन सरकार ने सीएनटी एक्ट को फिर से लागू कर आदिवासियों की जमीन को बचाने की कोशिश की है। इसके साथ ही 1932 का खतियान लागू कर मूल निवासी तथा आदिवासियों के हितों की रक्षा की जा रही है। सरना कोड को लागू करने की बात की जा रही है तथा ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण की व्यवस्था की गयी है।
दूसरी ओर सुबोध कांत सहाय ने कहा कि जिस गारंटी का इतना ढोल पीटा जा रहा है वह गारंटी हमेशा फेल हुई है। उन्होने कहा कि यह भी गारंटी ली गयी थी की हर भारतीय के अकाउंट में 15 लाख रुपये आयेंगे, स्विस बैंक से काला धन वापस लाया जाएगा, हर साल बेरोजगार युवकों को 2 करोड़ की नौकरी दी जाएगी, पेट्रोल डीजल के दाम घटेंगे, महंगाई से निजात मिलेगी, किसानों की आय दुगनी होगी लेकिन एक भी गारंटी या वादा पूरा नहीं हुआ।
बल्कि झारखंड के गठन के बाद से भाजपा ने अपने 16 -17 वर्षों के शासन में सीएनटी एक्ट को खत्म करने की साजिश रची, हजारीबाग में अपने हक की लड़ाई लड़ने वाले मजदूर किसानों पर लाठी- गोली चलाई गई, मॉब लिंचिंग की 32 घटनाएं घटी तथा गोड्डा में निजी क्षेत्र के पावर प्लांट के लिए जमीनों औने-पौने दाम में बेची गटी। झारखंड के किसानों को इससे कोई फायदा नहीं हुआ।
श्री सहाय ने कहा कि वह हमेशा से झारखंड के लोगों के बीच रहे हैं और पिछले लगभग 45 वर्षों से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में एक नेता के रूप में नहीं बल्कि एक भाई के रूप में रहे हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि रांची में आईआईएम, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, झारखंड के धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण का संकल्प मैंने पूरा किया है।
गृह मंत्रालय का कार्यभार संभालने के उपरांत ज्यादा से ज्यादा झारखंड एवं बिहार के लोगों का केंद्रीय पुलिस बलों में बहाली हो इसके लिए रांची में कैंप लगाया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहते हुए रांची दूरदर्शन रेडियो स्टेशन को नया आयाम दिया। उन्होंने कहा कि जब वे केंद्र में मंत्री थे तो उनका काम आईने की तरह साफ है। एच ई सी को विश्व स्तर की इंडस्ट्री के रूप में उभारा गया।