एबीएन न्यूज नेटवर्क, अनगड़ा (रांची)। गोंदलीपोखर चौक के समीप स्थित शंकर महतो की फर्नीचर दुकान से बीती रात 16 लाख रुपये नकद की चोरी कर ली गयी। चोर शुक्रवार की रात दुकान के पीछे की खिड़की तोड़कर दुकान में घुसे और 16 लाख रुपये चुरा लिये।
संचालक शंकर महतो ने बताया कि दुकान बंद कर शुक्रवार की रात घर चले गए थे। दुकान के बाहर फ्रंटेज में टेंट में उसके पिता लबुआ महतो व भांजा सामानों की सुरक्षा करने के लिए सोए हुये थे।
सुबह में जब दुकान खोला गया तो पीछे की खिड़की टूटी थी और पैसे गायब थे। सूचना मिलने पर अनगड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व मामले की छानबीन कर रही है।