टीम एबीएन, रांची। पिछले दिनों हुए बारिश से धान की फसल बर्बाद हो गयी है। इस पर भी ध्यान दें मुख्यमंत्री जी, किसानों को सहायता प्रदान करें। उक्त बातें भारतीय किसान संघ के झारखंड प्रचार प्रमुख प्रकाश नारायण सिंह ने कही। वे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद प्रेस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि झारखंड के सभी जिलों से यह सूचना आ रही है। लगभग सभी जिलों के किसानों को बहुत ही क्षति हुई है। इसका सर्वे करवा कर जल्द से जल्द सहायता प्रदान किया जाये। मैं खुद रांची, चतरा और हजारीबाग के विभिन्न गांवों में जाकर सर्वे किया और किसानों को हुई नुकसान का वाकया अपनी आंखों से देखा।
एक तो इस बार सुखाड़ की स्थिति के कारण धान का उत्पादन कम हुआ। वहीं दूसरी तरफ कटनी के समय मौसम का प्रहार। इसका भरपाई होना जरूरी है। किसानों को मदद की जरूरी है भारतीय किसान संघ झारखंड प्रदेश राज्य सरकार से मुआवजा दिलाने को लेकर किसानों के बीच जा रहा है।
उन्होंने भारतीय किसान संघ के प्रत्येक जिला के अध्यक्षों से आग्रह किया है कि आप अपने जिलों के सभी ग्राम स्तर तक अपने संगठन के लोगों को किसानों के बीच जाकर और उनका आवेदन जनता दरबार में जरूर से जरूर पहुंचायें।
साथ ही आने वाले समय में अगर उनकी बातों पर नहीं ध्यान दिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा। किसानों से भी आग्रह है कि जनता दरबार में उपस्थित होकर अपना अपना आवेदन जमा करायें और प्रत्येक जिलों में जाकर आवेदन दें। साथ ही समस्या से जूझ रहे लोगों का सही आकलन सरकार को बतायें।