- सीएम हेमंत सोरेन दुमका में बोले, केंद्र सरकार बकाया देती तो गैस सिलेंडर 500 में और पेंशन 2500 रुपये देता
टीम एबीएन, दुमका। जिले की गादी कोरैया पंचायत के बड़ा ढाका मैदान में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार 1 लाख 36 हजार करोड़ का बकाया दे देती, तो गैस सिलेंडर 1200 का नहीं 500 में उपलब्ध कराता।
पेंशन 1000 नहीं, 2500 होती। कोई ऐसा घर नहीं, जहां सरकार की योजना नहीं पहुंची है। पहले एक परिवार के सिर्फ 2 बच्चियों को ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दिया जाता था। अब सभी बच्चियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ मिलेगा। गुरुजी क्रेडिट कार्ड राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है, जिससे बच्चों को पढ़ने के लिए राशि दी जायेगी।
आप सभी सरकार की योजना का लाभ लें। दुमका जिले में 650 करोड़ की लागत से 800 किमी ग्रामीण सड़क की स्वीकृति दी गयी है, जिससे गांव की सड़कें बेहतर होंगी। पथ निर्माण विभाग द्वारा लगभग 1000 करोड़ की लागत से 650 किमी सड़क का निर्माण की स्वीकृति दी गयी है। 20 लाख हरा राशन कार्ड देने का कार्य राज्य सरकार ने किया है।
आने वाले दिनों में उस राशन कार्ड में 1 किलो दाल भी मुफ्त दी जायेगी। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि कोविड-19 के दौरान हमारे राज्य के फंसे लोगों को सड़क मार्ग, रेल तथा हवाई मार्ग से अपने राज्य, घर तक पहुचाने का कार्य किया। हर आदमी की जरूरत रोटी, कपड़ा और मकान देने का कार्य राज्य सरकार कर रही है।
हर गरीब को आवास राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी, ये मेरा वादा है। 1 लाख 36 हजार करोड़ का बकाया अगर केंद्र सरकार से मिला होता, तो गैस सिलेंडर 1200 का नहीं 500 में उपलब्ध कराता।
पेंशन 1000 नहीं, 2500 होती एवं युवाओं को अपने पैरों पर खड़े होने के लिए 10000 हजार की राशि उपलब्ध कराने का कार्य सरकार करती। अब पेंशन का आवेदन लेकर कार्यक्रम में कोई नहीं आता है। पिछले 2 चरणों मे बड़ी संख्या में आमजनों को लाभ मिला है। राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना से जोड़ा है।