आज बोकारो में सीएम हेमंत सोरेन, सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में हुए शामिल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। झारखंड की हेमंत सरकार के तीन साल पूरा होने के उपलक्ष्य पर हर जिले में आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। आज बोकारो जिले के चास प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोनाबाद में कार्यक्रम का आयोजन हुआ है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए है।
सीएम ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इससे पहले बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम सोनाबाद में बने अस्थाई हेलीपैड पर बोकारो डीसी कुलदीप चौधरी और पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक ने सीएम का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। जिसके बाद पुलिस के जवानों ने गार्ड आफ आनर दिया।
राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने का काम आपकी सरकार ने किया है। कई योजनाओं को शुरू किया गया है। पहले ग्रामीणों और किसानों को बीमारू पशुधन मिलता था, आज बीमा किया हुआ पशुधन दिया जा रहा है। पूरे राज्य में हजारों किलोमीटर सड़कों को ठीक किया जा रहा है।
यहां बोकारो में ही 850 किमी की ग्रामीण सड़क और पथ निर्माण विभाग की 200 किमी सड़क की स्वीकृति दी गयी है। गरीब हो या अमीर, सभी को रोटी, कपड़ा, मकान चाहिए। उसी को सुनिश्चित करने का काम आपकी सरकार ने किया है। चाहे वो 20 लाख लोगों को हरा राशन कार्ड देना हो, या लाखों राशनकार्डधारियों को साल में दो बार धोती-साड़ी देना हो।
महंगाई के दौर में गरीब को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। इसलिए हम चावल के साथ 1 किलो दाल भी राशनकार्डधारियों को देंगे। अबुआ आवास के अंतर्गत भी कई आवेदन हमें आ रहे हैं। आने वाले समय में लाखों परिवारों को 3 कमरों का सुसज्जित आवास दिया जायेगा।