आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय मधवाटांड़ ने इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीता
टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेले जा रहे इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच रविवार को झुमरी तिलिया स्थित सीएच हाई स्कूल मैदान में आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय मधवाटांड़ और मेरिडियन अकादमी के बीच खेला गया।
मौके पर आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले इस प्रकार के आयोजन से न केवल शहर बल्कि सुदूरवर्ती क्षेत्र के बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है। खिलाड़ी अपने प्रतिभा के बल पर अपने माता-पिता का और जिला का नाम रौशन करते हैं।
कोडरमा के खिलाड़ियों में प्रतिभा की भरमार है। पुलिस प्रशासन द्वारा खेल के क्षेत्र में हमेशा सहयोग किया जायेगा। एसपी ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा किये गये कार्य की भूरी भूरी सराहना की। मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश सलूजा ने कहा कि कोडरमा में गर्ल्स टीम का गठन भी जिला क्रिकेट एसोसिएशन की एक बड़ी उपलब्धि है।
लड़के तो अच्छे खेल दिखाकर उचित मंच पर पहुंच जाते हैं लेकिन जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रयास से लड़कियों को भी इस प्रकार का मंच मिलना कोडरमा के लिए गौरव की बात है । सचिव दिनेश सिंह ने इस अवसर पर टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए सभी के सहयोग पर आभार जताया। मंच संचालन विनोद विश्वकर्मा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन टूनार्मेंट अध्यक्ष कृष्ण बरहापुरिया ने किया।
मौके पर केडीसीए सचिव दिनेश सिंह, विवेकानंद चौधरी, अनिल सिंह, मनोज सहाय पिंकू, विनोद विश्वकर्मा, सुनील जैन, कृष्णा बरहपुरिया, आलोक पांडे, पंकज सिंह, राकेश पांडे, सुरेंद्र प्रसाद, सुमन कुमार, सोनू खान, पवन सिंह, धर्मेंद्र कौशिक, धर्मेंद्र सिंह, विशाल सिंह, राजू यादव, धीरज पांडे, अमित कुमार, मुकेश प्रभाकर, ओमप्रकाश, दिगंबर जैन स्कूल के प्रिंसिपल मनोज सिंह, झारखंड पब्लिक स्कूल के राजीव रंजन सिन्हा, आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय के दीपक यादव, कबड्डी एसोसिएशन के सचिव धर्मेंद्र सिंह, तीरंदाजी संगठन के सचिव विशाल सिंह, वालीबॉल एसोसिएशन के सचिव राकेश पांडे, कुमार सुनील कश्यप, हर्ष सिंह, विकास सिंह, मनोज झा, शैलेंद्र कुमार, बंटी सिन्हा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।