Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

डबल इंजन की सरकार ने राज्य को दोनों हाथों से लूटा : हेमंत सोरेन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
डबल इंजन की सरकार ने राज्य को दोनों हाथों से लूटा : हेमंत सोरेन
विज्ञापन

देवघर में सीएम हेमंत सोरेन ने गिनायी उपलब्धियां

डबल इंजन वाली सरकारों को बताया लुटेरा

पड़ोसी राज्यों से की पेंशन की तुलना

एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। देवघर में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 13-14 साल तक एक हाथ से जब इस राज्य को नहीं लूट सके, तो 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद दोनों हाथों से लूटा। 

सीएम ने कहा कि सरकार बनने के बाद तीसरी बार सरकार आपके दरवाजे पर पहुंची है। 20 सालों में जो पदाधिकारी कभी आपके गांव नहीं गये, आज गांव-गांव, टोला-टोला जा रहे हैं। आपके दरवाजे पर कैंप लगाया जा रहा है। योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सीएम ने सर्वजन पेंशन योजना का जिक्र किया। 

कहा कि हम सभी बुजुर्ग, विधवा और दिव्याग को प्रति माह एक हजार रुपए पेंशन देते हैं। लेकिन बिहार में सिर्फ 400 रुपए मिलते हैं। ओड़िशा में 500 रुपया पेंशन मिलता है। छत्तीसगढ़ में 350 रुपया पेंशन मिलता है। सीएम ने कहा कि पहले चरण में 80 उत्कृष्ट विद्यालय बनाए हैं। उन स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों के स्तर का बनाया जा रहा है। 

यहां गरीब होनहार बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। ऐसे 5000 और विद्यालय खोलने की तैयारी है। पहले भारत सरकार पेंशन मद में 250 रुपए देती थी। शेष राशि राज्य सरकार देती है। 2020 तक 15 लाख लोगों को पेंशन मिलता था। आज 60 लाख 30 हजार लोगों को राज्य सरकार पेंशन दे रही है। एक घर में पांच-पांच लोग पेंशन ले रहे हैं। 

सीएम ने पूछा कि डबल इंजन वाले 20 साल तक क्या कर रहे थे। उन्हीं पैसों की बदौलत ये लोग कुर्सी पर जा बैठे हैं और तरह तरह के षड्यंत्र रच रहे हैं। आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार के तीसरे फेज का जिक्र करते हुए सीएम हेमंत सोरेन सही तारीख बोलना भूल गये। उन्होंने कहा कि 2021 में अभियान शुरू हुआ। 

पहले चरण में 35 लाख आवेदन आए। 2022 में 55 लाख आवेदन आए। 2023 में 23 नवंबर से शिविर शुरू किया गया है जो 29 नवंबर (29 दिसंबर) तक लगायी जायेगी। सीएम ने कहा कि 20 साल किसानों को केसीसी कार्ड मिला। हमारी सरकार बनने के बाद तीन साल में करीब 20 लाख किसानों को केसीसी कार्ड से जोड़ा है। सीएम ने कहा पूरे राज्य में सड़कों का जाल बिछाने की कवायद चल रही है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 36,953