- 11 हजार बिजली तार गिरने से खेत में रखा धान जलकर हुआ राख, किसान परेशान
एबीएन न्यूज नेटवर्क, किस्को/लोहरदगा। जिले के किस्को प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवाडीह के नारी धुर्वा मोड़ के समीप खेत पर रखे धान में 11 हजार बिजली तार शॉर्ट सर्किट होकर गिरने से धान जलकर राख हो गया।
इस संदर्भ में बताया गया कि मनराज लोहरा अपने खेत में धान कटवाकर रखा था और कुछ ही दूरी पर अन्य लोगों के द्वारा धान मिसने का कार्य किया जा रहा था जिसकी पुवाल उड़ कर बिजली तार के संपर्क में आया और तार में शॉर्ट सर्किट हो गया।
जिससे बिजली का तार कटकर जमीन पर गिर गया और वहां पर रखा मनराज लोहार के धान में आग लग गया। इससे मनराज लोहार का धान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। इधर, उक्त मामले पर मनराज लोहार का कहना है कि 60 से 70 हजार का मेरा धान जलकर राख हो गया।
खेत से धान कटाई कराकर मिसने के लिए इकट्ठा करके रखे थे और बिजली तार कटकर गिरने से आग लग गया जिससे धान शत-प्रतिशत जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि धान जलने से हमारे परिवार वालों के समक्ष विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने इसे लेकर प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।