तिलैया थाना में मामला दर्ज
टीम एबीएन, कोडरमा। जिले के करमा मेडिकल कॉलेज का पूर्व में निर्माण कर रही कंपनी सिंपलेक्स प्राइवेट लिमिटेड पर करोड़ों रुपए की ठगी का मामला तिलैया थाना में दर्ज कराया गया है। कंपनी पर साजिश के तहत काम के लिए एग्रीमेंट करने व कार्य करने के बावजूद भुगतान नहीं करने का आरोप पेटी ठेकेदार ने लगाया है।
इस संबंध में पेटी कांट्रेक्टर अलूमा टेक्नोलॉजी के प्रवीण मिंज पिता सोमरा उरांव निवासी रेलवे कॉलोनी के पास चुटिया रांची, अनिल यादव पिता वासुदेव यादव निवासी करमा, अजीत बरनवाल निवासी कोडरमा, शंभू बरनवाल निवासी कोडरमा, राहुल कुमार निवासी तिलैया, मोहम्मद जफर व जॉनी आलम निवासी रांची ने शिकायत पुलिस से की है।
शिकायत के आधार पर तिलैया पुलिस ने थाना कांड संख्या 262/23 के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार थाना को दिए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सिंपलेक्स प्राइवेट लिमिटेड को मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य का टेंडर मिला था।
सरकारी एजेंसी से किये गये करार के अनुसार इसकी अवधि नियमानुसार 7 जनवरी 2022 को समाप्त हो गयी थी। इसके बावजूद झांसा में रख उन सभी से कार्य के बदले 10 जनवरी 2022 की तारीख में कंपनी ने एग्रीमेंट किया। एग्रीमेंट के बाद हम लोगों ने करोड़ों रुपए का काम किया।
इस बीच कंपनी डिबार हो गई। हम लोगों को पता चला कि कंपनी ने संबंधित एजेंसी से करार खत्म होने के बाद हम लोगों से एग्रीमेंट किया था। हम लोगों ने करीब 5 करोड़ 62 लाख रुपए का कार्य मेडिकल कॉलेज के लिए किया है।
वही आवेदन में साजिश के तहत झांसा देकर इतने रुपए ठगी का आरोप कंपनी के आठ अधिकारियों पर लगाया गया है। दर्ज मामले में सिंपलेक्स कंपनी के राजीव मुद्रा, अजय सिंह, प्रशांत विश्वास, गोपाल बेरा, देवव्रत चटर्जी, विकास पांडेय, संजीव कुंडू व गौतम गोप को आरोपी बनाया गया है।