विपक्ष के बाद सत्ताधारी दल के विधायक भी हेमंत सरकार को भ्रष्ट व दलालों से घिरा हुआ बता रहे
टीम एबीएन, रांची। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री से जवाब मांगा है कि विपक्ष के बाद अब तो सत्ताधारी दल के विधायक भी उनकी सरकार को भ्रष्ट और दलालों से घिरा हुआ बता रहे हैं।
शाहदेव ने कहा कि झामुमो के विधायक लोबिन हेंब्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर युवाओं के सपनों को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्थानीयता के नाम पर उन्होंने अर्जुन मुंडा की सरकार से समर्थन वापस लिया था, लेकिन 4 वर्ष तक झुनझुना बजाते रहे।
उन्होंने कहा कि लोबीन हेंब्रम का यह कहना बिल्कुल जायज है कि यह सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। इससे पहले भी झामुमो की वरिष्ठ विधायिका सीता सोरेन अपनी सरकार के कार्यकाल में ही संथाल परगना में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में अवैध खनन के रैकेट चलाने का आरोप लगा चुकी है।
शाहदेव ने कहा जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, जनता के साथ-साथ अब सत्ताधारी दल के विधायकों को भी पता चल रहा है कि इस भ्रष्ट और निकम्मी सरकार का जाना तय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी और पूरी झारखंड मुक्ति मोर्चा का लोबिन हेंब्रम के आरोपों पर मौन धारण कर लेना सारी सच्चाई बयां कर रहा है।