कोडरमा। शहर में पहली बार किसी मकान को जैक के माध्यम से ऊपर उठाया जा रहा है। दरअसल, शहर के गुरुद्वारा रोड खटीक मोहल्ला में 125 वर्ष पहले बने शिव मंदिर में अक्सर बरसात के दिनों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। 125 वर्ष पहले मंदिर का निर्माण होने के बाद मंदिर के मंदिर के आसपास कई नए मकान जमीन से 2 से 3 फीट की ऊंचाई पर बना दिये गये। इसके बाद बरसात के दिनों में मंदिर के आसपास जलजमाव होने लगी है। बारिश के बाद 2 से 3 दिनों तक मंदिर में पानी भरा रहता था। इसके समाधान को लेकर मंदिर से जुड़े लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से जैक लिफ्टिंग से किसी भी मकान को ऊपर उठाने की जानकारी मिली। मंदिर से जुड़े लोगों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की कंपनी एमएमजेए से संपर्क किया। इसके बाद कंपनी की टेक्निकल टीम ने मंदिर का निरीक्षण करने के बाद मंदिर को जैक क्लिपिंग तकनीक के माध्यम से ऊपर उठाने की बात कही। इसके बाद कंपनी के 6 लोग 18 जैक के माध्यम से मंदिर को जमीन की सतह से 4 फीट ऊपर उठाने में जुटे हुए हैं। कंपनी के डायरेक्टर ने बताया कि 7 दिनों के भीतर 120 स्क्वायर फीट के मंदिर को पूरी तरह से 4 फीट ऊपर कर दिया जाएगा। इसके बाद मंदिर के नीचे ईंट, सीमेंट से फिलिंग की जाएगी। मौके पर पूजा देवी ने बताया कि 1896 में उनके दादा ससुर सागरमल शर्मा जो कि एक मारवाड़ी ब्राह्मण थे। उन्होंने अपने निजी जमीन पर इस मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर में शिवलिंग के अलावे शीतला माता, हनुमान जी, माता पार्वती जी, गणेश जी एवं नंदी बाबा की प्रतिमा स्थापित है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ती है जहां शिव पार्वती जी का विवाह संपन्न कराया जाता है। इसके अलावा अन्य दिनों में भी श्रद्धालु पूजा पाठ करने मंदिर पहुंचते हैं। बरसात के दिनों में मंदिर के जलमग्न होने की समस्या के समाधान के लिए उनके ससुर ने शिवलिंग को ऊंचा करने का प्रयास किया था। लेकिन जैसे ही उन्होंने इस कार्य को शुरू किया मंदिर एवं मंदिर के आसपास अनेक प्रकार के सांप और विषैले जीव निकलने लगे इसके बाद कार्य को रोक दिया गया। वही मंदिर से जुड़े राजू कुमार यादव ने बताया कि जैक लिफ्टिंग तकनीक की जानकारी होने के बाद मंदिर को जैक लिफ्टिंग के माध्यम से जमीन की सतह से 4 फिट ऊपर किया जा रहा है। इस कार्य के लिए कंपनी के साथ 51 हजार रुपये में एग्रीमेंट हुआ है। जिसमें कंपनी ने जैक लिफ्टिंग के दौरान मंदिर की संरचना में किसी प्रकार की क्षति होने पर उसकी भरपाई कंपनी के द्वारा करने का एग्रीमेंट किया है। हालांकि कंपनी के निदेशक ने दावा किया है कि उनके पास प्रशिक्षित लोगों को एक पूरी टीम है। मंदिर की संरचना को कोई क्षति नहीं पहुंचेगी उनके परिवार के द्वारा वर्षों से इस प्रकार के कार्य किए जा रहे हैं। अब तक उनके द्वारा देश के अलग-अलग हिस्सों में दो मंजिला से लेकर 4 मंजिला तक और अन्य कई मंदिरों की लिफ्टिंग और शिफ्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक किया जा चुका है। मौके पर कैलाश शर्मा ,चंदन यादव, प्रदीप यादव, राजेश शर्मा, उमेश सोनकर, जितेंद्र सोनकर, रमेश सोनकर समेत मंदिर से जुड़े अन्य कई लोग मौजूद थे।