सिकटिया बराज कैनाल में भीषण हादसा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। जिले में भीषण हादसा हुआ है, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गयी है। हादसा सारठ थाना क्षेत्र के सिकटिया बराज कैनाल में हुआ है। वहीं एक शख्स घायल है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एक ओर देश दशहरा का त्योहार मना रहा है, वहीं दूसरी ओर एक परिवार पर दुखों का पहाड़ गिर गया है। देवघर के सारठ थाना अंतर्गत सिकटिया बराज कैनाल में एक बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मृत्यु हो गयी। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के संबंध में बताया जाता है सारठ थाना क्षेत्र के दुमदुमी पंचायत के आसनसोल निवासी मनोज चौधरी की बेटी लवली कुमारी अपने पति, भाई और दो मासूम गिरिडीह के बांसडीह अपने ससुराल जा रही थी। सिकटिया बराज के पास बोलेरो अनियंत्रित हो गयी, जिससे वो सीधे जाकर कैनाल में गिर गयी।
वाहन में सवार सभी पांचों लोगों की मौत हो गयी। जबकि हादसे में बोलेरो का चालक घायल हो गया है। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से सभी शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसकी सूचना सारठ थाना पुलिस को दी गयी।
मौके पर सारठ थाना प्रभारी शैलेश कुमार और एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार बांका पहुंचे और सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां पर ऑन ड्यूटी डॉक्टर द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।