सभी लोग हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला कचरा गांव के थे
न्यूज एबीएन, मेदिनीनगर। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी। तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के शिकार हुए सभी लोग पलामू के थाना हुसैनाबाद के जपला कचरा गांव के रहने वाले थे। दुर्गा पूजा के मौके पर दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जिसमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गयी। घायलों को कैलाश अस्पताल, जेवर में भर्ती कराया गया है।
मृतकों के नाम
हादसे में रामप्रीत बैठा के पुत्र उपेंद्र बैठा (38), बिजेंद्र बैठा (36), बिजेंद्र बैठा की पत्नी कांति देवी (30) और पोती ज्योति (12) के साथ चालक कामत बैठा (45) ने भी दम तोड़ दिया। घायलों में सूरज (16), आयुष (8), आर्यन (10) हैं। सभी जेजे कॉलोनी फेस-3 मदनपुर खादर थाना कालिंदी कुंज साउथ दिल्ली में रहते थे।
जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात यह हादसा हुआ। उनकी इको कार को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सभी यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली से पलामू के लिए निकले थे।
सभी इको कार से जा रहे थे। इस घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। रो-रो कर सबका बुरा हाल है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।