- झारखंड के बालू घाट में मिला पश्चिम बंगाल के युवक का शव, दो संदिग्ध हिरासत में
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रानीश्वर (दुमका)। झारखंड के दुमका जिले के रानीश्वर थाना की पुलिस ने शुक्रवार को मयुराक्षी नदी के दिगुली बालूघाट के समीप नदी के बालू में गड़ा हुआ एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया है। बालू में दफनाये गये शव को निकलवा कर इसे पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान दिगुली गांव से सटे पश्चिम बंगाल के सिउड़ी थाना अंतर्गत केंदुली गांव के 27 वर्षीय विनय कुमार बागती के रूप में की गयी है। बताया जा रहा है कि मृतक चार दिनों से लापता था।
इस संबंध में गुरुवार को मृतक की पत्नी ने ग्रामीणों के साथ रानीश्वर थाना पहुंच कर पति के चार दिनों से लापता होने की सूचना दी थी। थाना पहुंचे लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का साइकिल दिगुली गांव के समीप मिली थी।
मृतक बंगाल सीमा के केंदुली बालू घाट पर काम करता था। बताया जा रहा है कि युवक का किसी महिला से प्रेम प्रसंग था। थाना प्रभारी श्री महतो ने बताया कि मृतक के पत्नी रमा बागती ने पति की हत्या की शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार दिगुली गांव से दो संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार की सुबह नदी किनारे दिगुली बालू घाट के समीप मवेशी चराने वाले कुछ लोगों को दुर्गंध मिला। नजदीक जाकर देखा तो बालू में कुछ गड़ा हुआ दिखा।