- मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लोहरदगा के खिलाड़ियों ने किया उम्दा प्रदर्शन
- नेशनल वालीबॉल में इंटर कॉलेज रहा तृतीय स्थान पर
टीम एबीएन, लोहरदगा। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान ने छत्तीसगढ़ के चांपा में 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित 34वां अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लोहरदगा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्षेत्र स्तर पर अंडर-19 कैटेगरी में चैंपियन होने के बाद बिहार (उत्तर पूर्व) क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए महाविद्यालय की टीम प्रतियोगिता में गयी। सेमीफाइनल से पूर्व चार अलग-अलग क्षेत्र की टीमों के साथ स्पर्धा की श्रृंखला में पहले मुकाबले में पश्चिम उत्तर प्रदेश से पराजय का सामना करना पड़ा।
किंतु इसके बाद टीम ने दक्षिण क्षेत्र, मध्य क्षेत्र और पूर्व क्षेत्र को लगातार पराजित करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को हुए सेमीफाइनल में दक्षिण मध्य क्षेत्र की टीम के साथ भिड़ंत में कड़े मुकाबले में प्रथम सेट में 22-25 और द्वितीय सेट में 21-25 से पराजय का सामना हुआ।
इसके बाद तीसरे स्थान के लिए मुकाबले में पूर्वी उत्तर प्रदेश को 16-14 से पराजित कर पूरी प्रतियोगिता में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करायी। समापन समारोह में स्कूल गेम्स फेडरेशन आॅफ इंडिया के उपाध्यक्ष और विद्या भारती के राष्ट्रीय खेल संयोजक मुखतेज सिंह बदेशा ने अखिल भारतीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करने पर ट्रॉफी प्रदान कर टीम को सम्मानित किया।
टीम 5 अक्टूबर को वापस लौटेगी। टीम में कप्तान सुजल बाखला, पुनीत उरांव, हरीश उराव, चरणजीत उरांव, निशित उरांव, रेहान फजल, जितेश उरांव, रोशन कुमार रवि, प्रियांशु उरांव, निखिल भगत एवं अजीत भगत और टीम मैनेजर के रूप में आचार्य रितेश कुमार पाठक शामिल हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थित दर्ज करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त करने पर प्रबंधकारिणी समिति और विद्यालयपरिवार ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।