रांची के हॉकी स्टेडियम का सीएम ने किया निरीक्षण
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में होने वाले एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप की तैयारी जोरों पर है। यह आयोजन 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक होना है। इस चैंपियनशिप में भारत के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें भाग लेंगी।
इस आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। रांची के मोरहाबादी स्थित हॉकी स्टेडियम में इसका आयोजन होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में बिछायी गयी आधुनिक ब्लू टर्फ का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि स्टेडियम में अभी रेनोवेशन का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के दर्शक दीर्घा में लगी कुर्सियों की साफ-सफाई, पेंटिंग, स्टेडियम परिसर का रंग-रोहन, मैदान के अंदर और बाहर लगी एलईडी स्क्रीन को दुरुस्त करने और स्टेडियम में चिह्नित जगह पर स्पोर्ट्स पर्सन का फोटो लगाने, डिस्प्ले स्क्रीन को बड़ा करने सहित कई अन्य दिशा निर्देश दिये।