- रांची एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से कारतूस बरामद
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एक यात्री की बैग से कारतूस बरामद हुआ है। यात्री बेंगलुरु जा रहा था। इस दौरान एयरपोर्ट पर उसके बैग की तलाशी ली गयी, जिसमें उसके बैग से इंसास की एक गोली मिली।
जिसके बाद सीआईएसएफ की टीम ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बेंगलुरु जा रहे एक यात्री के बैग में इंसास जैसे खतरनाक हथियार के कारतूस मिले।
एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों की नजर जैसे ही बैग में रखे इंसास की गोली पर पड़ी, वैसे ही सभी जवान एक्टिव हो गए और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को सूचित कर यात्री को तुरंत ही रोक लिया।
यात्री को हिरासत में लेने के बाद सीआईएसएफ की टीम ने बैग और यात्री दोनों को एयरपोर्ट थाने के हवाले कर दिया। गोली मिलने के बाद यात्री से पूछताछ की गयी और उससे जानकारी ली गयी कि आखिर यह कारतूस उसके पास कहां से आयी।