तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल
टीम एबीएन, गिरिडीह। जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब करंट की चपेट में आने से 7 मवेशियों की मौत हो गयी, जबकि 3 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी हैं। मामला जिले के गावां प्रखंड अंतर्गत नगवां पंचायत के चक गांव का है।
जानकारी के मुताबिक महेंद्र यादव और अर्जुन यादव के घर के ऊपर तार लगा हुआ था। तार काफी जर्जर हो चुका था। बीते बुधवार की देर रात अचानक बिजली का तार टूट कर गिर गया, जिससे मौके पर ही 7 मवेशियों की मौत हो गयी।
आनन-फानन में परिजन बाहर आये। इनमें से 3 महिलाएं बिजली के तार में सट गयी। घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इनका इलाज चल रहा है।
मामले में नगवां मुखिया मेराज उद्दीन ने कहा कि ये हादसा लापरवाही की वजह से हुआ है। उन्होंने कहा- मैंने इस संबंध में बिजली विभाग को लिखित आवेदन दिया था। तार बदलने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने ऐसा कुछ नहीं किया। विभाग की लापरवाही से 7 मवेशी की मौत हुई है और 3 महिलाएं घायल हैं। अगर मेरे आवेदन पर विभाग तार बदल देता तो आज यह हादसा नहीं होता।