टीम एबीएन, झुमरीतिलैया - कन्स्ट्रक्शन वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (सी डब्लू एफ आई) एवं सीटू से संबद्ध झारखंड राज्य निर्माण कामगार यूनियन का जिला स्तरीय मजदूर अधिकार कन्वेंशन 20 सितम्बर को ब्लॉक मैदान के नजदीक साहु भवन झुमरीतिलैया में आयोजित होगा।
कन्वेंशन का उदघाटन सीटू झारखंड के महासचिव विश्वजीत देव करेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के तौर पर सीडब्लू़एफआई केन्द्रीय कार्यकारिणी समिति सदस्य व निर्माण कामगार यूनियन के राज्य महासचिव संजय पासवान और सीटू के जिला संयोजक रमेश प्रजापति सम्बोधित करेगें।
इस संबंध में सीटू नेता और निर्माण यूनियन के सचिव प्रेम प्रकाश ने जानकारी देते हुए कहा कि कन्वेंशन की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों के गांवों, बस्तियों और टोलों में बैठकें आयोजित कर प्रचार प्रसार चलाया गया।
इसी के तहत नगर पर्षद अंतर्गत झलपो, मोरियांवा, नरेश नगर, गुमो, बरवाडीह, डोइयांडीह, भादोडीह, इंदरवा बस्ती, तिलैया बस्ती, चंदवारा प्रखंड में हरली, पोकडंडा, डोमचांच प्रखंड के चैनपुर, कोडरमा प्रखंड के पुरनानगर, नौवाडीह आदि गांवों में बैठक कर प्रचार अभियान चलाया गया।
मजदूर अधिकार कन्वेंशन में लगभग 500 निर्माण मजदूर शामिल होंगे। इसमें निर्माण कामगार यूनियन की जिला स्तरीय कमिटी का चुनाव भी किया जाएगा। साथ ही मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन की रुप रेखा तय की जायेगी।