एबीएन डेस्क। चक्रवाती तूफान जवाद के प्रभाव से झारखंड में ठंड बढ़ गई। तूफान के कारण राज्य के कई इलाकों में सात डिग्री तक तापमान गिर गया है। सबसे ज्यादा असर कोल्हान और आसपास के इलाके में पड़ा, जहां शनिवार को दिनभर बारिश होती रही। इस बीच, मौसम के मिजाज के देखते हुए एलेप्पी समेत तीन ट्रेनों को शनिवार को रद्द कर दिया गया।
तूफान के कारण शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्से में दिनभर बादल छाए रहे। रांची समेत कुछ स्थानों पर दिनभर धुंध की स्थिति बनी रही। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा का बहाव होता रहा, इसके कारण ज्यादा ठंड महसूस हुआ।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि कोल्हान इलाके में दिनभर रिमझिम बारिश हुई। सिमडेगा में भी बूंदाबांदी होती रही। जमशेदपुर में शाम साढ़े पांच बजे तक 0.7 मिमी बारिश रिकार्ड हुई। तूफान की वजह से सूबे में रविवार को भी कहीं-कहीं बारिश होगी और हवा चलेगी। छह दिसम्बर को भी दक्षिणी भाग में हल्की बारिश संभव है। सात दिसंबर से तूफान का असर कम होगा और आसमान धीरे-धीरे साफ हो जाएगा। इसके बाद पश्चिम से ठंड हवा का बहाव होगा और राज्य में लोग ठंड महसूस करेंगे।