टीम एबीएन, रांची। नगर निगम के वार्ड नंबर 40 में चार दिनों से लगभग 800 घरों में पानी की आपूर्ति ठप है। पीएचडी विभाग द्वारा लात्मा हल टंकी के पाइप वाल्व खराब होने की बात कही जा रही है।
वार्ड नंबर 40 के टंकी साइड सेक्टर 4 अंबेडकर नगर विद्या नगर कमला खटाल आदि कई इलाके में टंकी से एचईसी अस्पताल (पारस अस्पताल) जाने वाले पाइप से पानी आपूर्ति की जाती थी, जो पिछले चार दिनों से बंद होने के कारण क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत हो गयी है।
लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है; क्योंकि क्षेत्र में लोगों के पास पानी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। रांची जिला राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष धर्मेंद्र महतो ने झारखंड सरकार के पीएचडी मंत्री को एक ज्ञापन देकर इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शीघ्र बहाल करने का आग्रह किया है।
मंत्री ने इस दिशा में आवश्यक आदेश विभागीय अधिकारी को दिया है। कल तक पानी की आपूर्ति की जाने की संभावना है। उक्त जानकारी राष्ट्रीय जनता दल के रांची जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र महतो ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।