- छात्र-छात्राओं ने किया अध्यापन सहित कॉलेज की संपूर्ण व्यवस्था का संचालन
- मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत तरुण एवं कन्या भारती का आयोजन
टीम एबीएन, लोहरदगा। मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को विद्यालय की संपूर्ण व्यवस्था का संचालन छात्र-छात्राओं ने किया। कक्षा 12वीं की छात्रा रोशनी उरांव एक दिन की प्राचार्य बनायी गयी। जिनके नेतृत्व में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय की संपूर्ण व्यवस्था के संचालन में अध्यापन का कार्य भी किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य उत्तम मुखर्जी ने बताया कि कन्या भारती एवं तरुण भारती द्वारा नेतृत्व क्षमता विकास की दृष्टि से प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। छात्र-छात्राएं इस माध्यम से न सिर्फ विद्यालय संचालक की जिम्मेवारियों को समझते हैं बल्कि उनमें कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता का विकास भी होता है।
अध्यापन कार्य में ईशा कुमारी, अवंतिका पुजारी, बबली कुमारी, निशा उरांव, शशि कच्छप, अंकित कुमार साहू, सुषमा, अभिषेक लकड़ा, पायल वर्मा, रोहित कुमार साहू, अमन टोप्पो, रोशन उरांव, रोशनी उरांव, नेहा कुमारी, विशाल शिखर, अल्फा कुजूर, आदित्य उरांव, चंदन महतो, पूनम कुमारी थे। प्राचार्य बनी रोशनी उरांव ने आरंभ में वंदना सभा में दीप प्रज्ज्वलन किया और समापन बेला में अपना अनुभव कथन भी रखा।
इस बीच उसने अर्थशास्त्र में 2 घंटी अध्यापन का भी कार्य किया। अंत में असेंबली में भैया बहनों के बीच अपना अनुभव रखते हुए उसने कहा कि एक प्राचार्य का काम चुनौतियों भरा होता है। जिसमें अपने महाविद्यालय के प्राचार्य प्रत्येक दिन खरा उतरते हैं और नित्य नवीन प्रयोगों से भैया बहनों का चहुमुखी विकास कैसे हो इस पर योजनाएं बनाते है और सभी का मार्गदर्शन करते हैं।
एक दिन के प्राचार्य के रूप में समय और अनुशासन के साथ-साथ नेतृत्व एवं कुशल प्रबंधन के गुर सीखते हुए उसका महत्व समझ में आया। उसे सभी शिक्षकों का सहयोग और प्रोत्साहन भी मिला। कन्या भारती की प्रमुख रेणु कुमारी एवं तरुण भारती के प्रमुख ऋद्धि मिश्रा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से छात्र-छात्राओं में नेतृत्व का विकास होता है। साथ ही अन्य गुणों का भी विकास होता है।