टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन की एक बैठक झुमरीतिलैया स्थित छाबड़ा लॉज में हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छावड़ा और संचालन सचिव दिनेश सिंह ने किया। बैठक में सत्र 2022-23 में हुए जिले की सारी क्रिकेट गतिविधियों के सफल संचालन पर खुशी व्यक्त की गयी।
वहीं सत्र 2023-24 के लिए इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत सितंबर माह में करने की बात रखी गयी। सर्वसम्मति से स्कूल टूर्नामेंट के लिए चेयरमैन कृष्णा बरहपुरिया को बनाया गया, वहीं वाइस चेयरमैन सुरेंद्र प्रसाद बने। बैठक में यह तय हुआ कि स्कूल के टीमों की रजिस्ट्रेशन की तिथि 20 अगस्त से 31 अगस्त तक है।
इस अवधि में स्कूल रजिस्ट्रेशन फॉर्म छाबड़ा लॉज से प्राप्त कर सकते हैं। सचिव दिनेश सिंह और नव चयनित टूर्नामेंट चेयरमैन कृष्णा बरहपुरिया ने कहा कि जिले में कोई भी संचालित टूर्नामेंट जेएससीए के नियम व शर्तों पर आधारित केडीसीए द्वारा दिये गये प्रारूप से ही किये जायेंगे।
उन्होंने कहा की अंडर 14 के लिए जन्म तिथि 1 सितंबर 2009 या उसके बाद का जन्म होना चाहिए और अंडर 16 के लिए जन्मतिथि 1 सितंबर 2008 या उसके बाद का होना चाहिए। अध्यक्ष अमरजीत सिंह छावड़ा और कोषाध्यक्ष मनोज सहाय पिंकू ने कहा कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी स्कूल का रजिस्ट्रेशन स्वीकार नहीं किया जायेगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म के साथ खिलाड़ियों को डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट , माता-पिता का वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड, खिलाड़ी का आधार कार्ड, 3 साल का मार्कशीट, स्कूल बोनाफाइड सर्टिफिकेट और दो पासपोर्ट साइज का फोटो देना आवश्यक है। इसके अलावा सचिव द्वारा दिए गए मेल पर हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराए जाने वाले सारे सर्टिफिकेट का पीडीएफ बनाकर मेल करना होगा।
मेल नहीं करने वाले खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा। बैठक में चंदवारा स्थित पुलिस लाइन मैदान में चल रहे टर्फ विकेट के मरम्मत कार्य पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही कहा गया कि जेएससीए के पीच क्यूरेटर के निर्देशन में मरम्मती कार्य होना एक अच्छी बात है और उम्मीद है कि आने वाले टूर्नामेंट में यह विकेट से खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा।
बैठक के अंत में जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष और बीसीसीआई के पूर्व सचिव रहे आईपीएस अधिकारी स्वर्गीय अमिताभ चौधरी के निधन के 1 वर्ष पूरे होने पर नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। बैठक में अमरजीत सिंह छावड़ा, दिनेश सिंह, मनोज सहाय पिंकू, कृष्णा बरहपुरिया, अनिल सिंह, आलोक पांडे, सोनू खान, ओम प्रकाश, सुरेंद्र प्रसाद, कुंदन राणा, बसंत सिंह आदि शामिल थे।