- ट्रैक देखने के लिए लग रही है लोगों की भीड़
एबीएन के लिए अजय सानी की विशेष रिपोर्ट
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची का स्मार्ट सिटी अब निर्माण की अंतिम प्रकिया में है। सड़कों के निर्माण का काम पूरी तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में स्मार्ट सिटी को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से बनाया जा रहा साइकिल ट्रैक चर्चा का विषय बना हुआ है।
जहां एक ओर, रांची में सड़कों का भारी अभाव है और फुटपाथ की सुविधा नहीं है। तो वहीं दूसरी ओर स्मार्ट सिटी में देश का सबसे सुंदर साइकिल ट्रैक का निर्माण कार्य आरंभ हो गया है। यह साइकिल ट्रैक सेक्टर-3 गोलचक्कर से सेक्टर-2 तक बनाया जा रहा है।
यह साइकिल ट्रैक इतना सुंदर है कि अभी से रांची शहर के लोग उसे देखने आ रहे हैं। झारखंड में रांची अकेला शहर है जहां स्मार्ट सिटी का निर्माण हो रहा है। इसके लिए एचईसी का एक बड़ा क्षेत्र अधिग्रहित किया गया है।
इस सिटी का उद्देश्य शहर के हिस्से में वर्ल्ड क्लास सिटी का निर्माण कर लोगों को एक बेहतर शहर का एहसास कराना है। आने वाले दिनों में किसी भी शहर में पर्यावरण और विशेषकर वायु प्रदूषण एक बड़ी समस्या होगी। इस कारण स्मार्ट शहर में साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है।
स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट अफसर का मानना है कि आने वाले एक वर्ष में निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। तब इस साइकिल ट्रैक का मजा आम आदमी ले सकेंगे। रिंग रोड और धुर्वा डैम से सटे इस स्मार्ट सिटी में आकर्षक साइकिल ट्रैक निश्चित तौर रांची शहरवासियों के लिए एक आकर्षण पैदा कर रहा है जो इसका मजा उठाने के लिए बेताब हैं।