Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

लोहरदगा में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का भव्य स्वागत

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
लोहरदगा में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का भव्य स्वागत
विज्ञापन
  • सांसदों, मंत्री और डीआरएम ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए किया रवाना  
  • जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रस्तावित रांची- वाराणसी वंदे भारत ट्रेन शीघ्र लोहरदगा होकर चलेगी 
  • डीआरएम ने कहा कि क्षेत्र के जिलों के अलावा ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लोगों को भी मिलेगा लाभ 
  • राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का स्वागत के लिए लोग बैंड बाजा और ढोल नगाड़े के साथ स्टेशन पहुंचे थे  
  • सांसद सुदर्शन भगत धीरज प्रसाद साहू समीर उरांव और मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव कार्यक्रम में हुए शामिल 
  • रांची रेल मंडल के नए डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने अतिथियों का किया स्वागत 

टीम एबीएन, लोहरदगा। लोहरदगा के 112 सालों के रेलवे इतिहास में 13 अगस्त का दिन ऐतिहासिक और खुशियों से भरा रहा। यह यादगार पल भारत के आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष 2023 में रांची- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के लोहरदगा में ठहराव से जिलावासियों के अलावा आसपास के राज्यों और जिलों के लोगों के लिए सौगात साबित हुआ। 

लोहरदगा रेलवे स्टेशन में रांची से चलकर रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस शाम 6:10 बजे जैसे ही हार्न बजाकर पहुंची, तो हजारों की भीड़ ने राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का लोगों ने बैंडबाजे, ढोल- नगाड़े और तिरंगे के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारों से किया। 

लोहरदगा स्टेशन से पूर्व केंद्रीय मंत्री सह- लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, रास सांसद समीर उरांव, पूर्व केंद्रीय मंत्री-सह- राज्य के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया। 

इस विशेष मौके पर रेलवे के रांची नये डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा, एडीआरएम मनीष कुमार, सीनियर डीसीएम थांगा बालन, सीनियर डीईएन प्रियम शंकर, आरपीएफ के डीसीई पवन कुमार, डीसीएम देबराज बनर्जी डीसीएम- सह- सीपीआरओ निशांत कुमार आदि रांची रेल मंडल के अधिकारी सेमत बड़ी संख्या में लोहरदगा के प्रबुद्धजन मौजूद थे।  

इसके पूर्व लोहरदगा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोस सांसद-सह- पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि लोहरदगा और झारखंड के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। आजादी के अमृत महोत्सव पर केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय ने जनजातीय क्षेत्र लोहरदगा में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को बड़ी सौगात के रूप में दिया है। सभी जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयास से यह सफलता मिली है। 

उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में रांची- वाराणसी वंदे भारत, रांची- मुंबई एलटीई एक्सप्रेस, रांची- जयपुर, रांची- अजमेर शरीफ, रांची- लखनऊ समेत कई स्थानों की ट्रेन लोहरदगा (ठहराव के साथ) होकर चलेगी। 

राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने इस मौके पर कहा की लोहरदगा से जुड़े केंद्र में हम तीन जनप्रतिनिधि हैं। शीघ्र ही दिल्ली में सभी मिलकर रेल मंत्री और अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। लोहरदगा में अधिक से अधिक ट्रेनों का परिचालन और ठहराव हो इसकी मांग करेंगे। 

उन्होंने कहा कि नेरोगेज के समय से ही लोहरदगा में ट्रेन सुविधाओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन होता रहा है। परिणाम स्वरूप आज यहां के जनप्रतिनिधियों ने मिलकर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को सुनिश्चित किया है। इसके लिए हम सभी को बधाई देते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग किया कि रेलवे को लोहरदगा से कोरबा तक गुमला होते हुए रेल लाइन बिछाने का काम करना चाहिए।  

सांसद समीर उरांव ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता के आशाओं- आकांक्षाओं के अनुरूप भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुक्ष्मता के साथ इस क्षेत्र का अध्ययन किया। फिर ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी। हम रेल मंत्रालय, प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार जताते हैं। उन्होंने कहा कि आम जनों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को रेलवे द्वारा लगातार बढ़ाने का काम किया जा है। लोहरदगा में आने वाले दिनों में कई ट्रेनें चलेगी। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री सह-झारखंड सरकार के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर राव ने इस मौके पर लोहरदगा के रेल इतिहास के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि आंदोलन से ट्रेन की सुविधा मिली है। हम सभी मिलकर इस क्षेत्र को रेलवे कनेक्टिविटी के दृष्टिकोण से बेहतर बनाने का काम करेंगे। 

रांची के नये डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि एसई रेलवे के लोहरदगा स्टेशन में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से न केवल लोहरदगा बल्कि लातेहार, रांची जिले के बेड़ो और चान्हो,गुमला, सिमडेगा, नेतरहाट, महुआडांड़ आदि इलाकों के अलावा छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। 

रविवार लोहरदगा से पहली बार राजधानी एक्सप्रेस में सवार होकर 50 से अधिक मुसाफिर दिल्ली के लिए रवाना हुए। इनमें महिलाओं की संख्या भी उल्लेखनीय थी। उनके चेहरे पर खुशी और उमंग था। यात्रियों शंकर लाल अग्रवाल, शारो देवी, मनोज कुमार, प्रेम अग्रवाल, सुंदर देवी, अलीशा गर्ग, रीना खलखो, हिमांशु भगत, शैलेश उरांव आदि ने कहा कि  निश्चित रूप से यह ट्रेन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। 

चेंबर आफ कॉमर्स के रितेश कुमार, राजेश महतो की अगुवाई में अधिकारियों ने राजधानी एक्सप्रेस के ड्राइवरों, टीटीई, सुरक्षाकर्मी और अन्य स्टाफ का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव के ऐतिहासिक पल को देखने के लिए पहुंचे थे। 

ट्रेन के पहुंचते ही सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गयी। इसी साल जुलाई महीने में फुट ओवर ब्रिज और नये प्लेटफार्म का शुभारंभ जन प्रतिनिधियों ने किया था। राजधानी एक्सप्रेस के लोहरदगा होकर चलने से दिल्ली का सफर  महज 16 घंटे में तय करना संभव हो जायेगा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 37,904