- मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यों का एसडीओ ने की समीक्षा
- पूर्व पुनरीक्षण गतिविधियों का जांच दल ने किया पर्यवेक्षण
टीम एबीएन, पलामू। हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी-सह- 79 हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण आज हैदरनगर के प्रखंड कार्यालय सभागार में बीएलओ, पर्यवेक्षक एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ बैठक कर फोटो युक्त मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2024 के पूर्व पुनरीक्षण कार्य प्रगति की समीक्षा की।
साथ ही जिलास्तरीय जांच टीम ने बीएलओ के द्वारा किये जा रहे कार्यो का पर्यवेक्षण किया। एसडीओ कमलेश्वर नारायण ने बीएलओ के माध्यम से संपादित कार्यों की समीक्षा के दौरान कमियों को तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वे खुद इस कार्य की जांच कर रहे हैं। विभिन्न मतदान केंद्रों पर कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे।
कार्य में जान-बूझकर किसी तरह की लापरवाही करनेवालों पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी तरह की शिथिलता नहीं बरतने की हिदायत दी। साथ ही मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचल अधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी राजीव नीरज को नियमित रूप से मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया।
विदित हो कि फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तहत सभी बीएलओ को 21 जुलाई से 21अगस्त 2023 तक घर-घर सत्यापन का कार्य बीएलओ रजिस्टर के माध्यम से किया जा रहा है। वहीं सभी घरों पर विभाग स्तर से प्राप्त ब्लू स्टीकर चिपकाते हुए भ्रमण की दो तिथियां अंकित की जा रही है।
वहीं सत्यापन से संबंधित अन्य कार्य किए जा रहे हैं। पर्यवेक्षण एवं जांच के लिए विभाग स्तर से प्राप्त निदेर्शानुसार मतदान केंद्रों के पन्ना वेरीफिकेशन एवं होम टू रोल वेरिफिकेशन का कार्य किया गया। समीक्षा बैठक में संतोष ठाकुर,धीरेंद्र कुमार, कुमारी शांति ठाकुर के अलावा बीएलओ, पर्यवेक्षक एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।