टीम एबीएन, बोकारो। जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गैस सिलेंडर फटने से एक महिला की मौत हो गयी है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। मामला जिले के खैराचातर बाजार का है।
जानकारी के मुताबिक बीते मंगलवार को प्रियंका देवी (30) रसोईघर में नाश्ता बना रही थी। इस दौरान अचानक गैस सिलेंडर लीक हो गया और उससे आग की लपटें निकलने लगीं, जिसकी चपेट में प्रियंका देवी आ गयी।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह झुलस चुकी थी, जिसके बाद महिला की मौके पर मौत हो गयी।
बताया जा रहा है कि काफी मिन्नतों के बाद 1 महीने पहले ही महिला ने एक लड़के को जन्म दिया था। महिला की 3 छोटी-छोटी लड़कियां भी है। वहीं, महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।