- प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ लगाते रहे: उदय शंकर
- हरमू-भक्सो मुक्ति धाम में शवदाहगृह और सड़क का निर्माण होगा
- डेथ फ्रीजर उपलब्ध कराने का सांसद ने दिया भरोसा
- मुक्तिधाम में परिसर में औषधीय छायादार और सौंदर्यता के प्रतीक
पौधों का किया गया रोपण
टीम एबीएन, लोहरदगा। आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पेड़- पौधा लगाना जरूरी है। इसके माध्यम से प्रकृति सभी प्राणियों पर अनंत उपकार करती हैं। पेड़ हमें छाया देने के साथ-साथ फल- फूल और ऑक्सीजन भी देती है। यह हम सबों के जीवन के लिए जरूरी है। पेड़ पक्षियों को आश्रय देता है।
भूमि स्खलन को रोकता है। पृथ्वी का तापमान को नियंत्रित करता है। पेड़ों के अंधाधुंध कटाई के कारण ही आज सूखा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएं हो रही हैं।प्रदूषण रोकने और प्राकृतिक सौंदर्यता को बनाएं रखने के लिए वृक्ष लगाने के पुण्य कार्य को हर एक व्यक्ति को करना चाहिए। उक्त बातें झारखंड के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कही। वह रविवार को लोहरदगा के दक्षिण कोयल और शंख नदी संगम तट पर स्थित हरमू- भक्सो मुक्तिधाम परिसर में वृक्षारोपण के बाद मुक्तिधाम के लोगों और उपस्थित नागरिकों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि इस मुक्तिधाम को और बेहतर किया जायेगा। सांसद विकास निधि से शवदाहगृह का निर्माण,डेथ बॉडी फ्रीजर उपलब्ध कराया जायेगा। मुक्तिधाम में सड़क का निर्माण कराया जायेगा। उनके इस घोषणा का लोहरदगा केंद्रीय मुक्तिधाम समेत अन्य सामाजिक और धार्मिक संगठन के लोगों ने स्वागत किया है। साहू परिवार की ओर से मुक्तिधाम के तीनों कर्मचारियों को बेहतर रखरखाव के लिए सम्मानित किया गया।
लोहरदगा के भक्सो- हरमू मुक्तिधाम में राज्य सभा सांसद धीरज प्रसाद साहू सांसद, प्रसिद्ध समाजसेवी उदय शंकर प्रसाद ने स्व अरुणा साहू के स्मृति, पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए वृक्षारोपण किया। सांसद ने चंदन और आंवला का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अपील किया कि सरकारी, रैयती और खाली पड़े सभी स्थानों में ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। पेड़ों के अवैध कटाई पर भी अंकुश लगने का प्रयास होना चाहिए।
सूबे के प्रसिद्ध व्यवसायी-सह-समाज सेवी उदय शंकर प्रसाद ने कहा कि हम सभी लोगों का दायित्व भी है, कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पेड़ पौधा लगाते रहें।इस अवसर पर साहू परिवार के संजय साहू, दुर्गेश साहू , बिंदु साहू,सौरभ सिद्धार्थ साहू, राहुल साहू मौजूद थे।
अतिथियों और साहू परिवार के लोगों के अलावा केंद्रीय मुक्तिधाम समिति के सदस्य और सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी आंवला, चंदन, गुलमोहर, जामुन, कदम, सागवान, शीशम, गमहार, नीम, पीपल आदि के फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाये। पौधों की सुरक्षा के लिए गेवियन लगाया गया।
पौधा लगाने वालों में दुर्गा भगत, अशोक यादव, संजय बर्म्मन, सुखैर भगत, आलोक साहू,मोहन दुबे ,कवलजीत सिंह, मनोज कुमार गुप्ता-मन्ना ,दीपक सर्राफ, कमला देवी, सोमा उरांव, निशित जयसवाल, सोहन साहू ,दिगंबर साहू, उदय दत्ता, राजेश शर्मा, संजीव शर्मा, रवि उरांव ,महावीर उरांव, अजय उरांव ,मनोज साहू ,सुनील छेत्री, गुड्डू गुप्ता, दिनेश प्रसाद आदि शामिल हैं।
वृक्षारोपण के बाद रविवार को लोहरदगा थाना रोड स्थित बलदेव भवन में दरिद्रनारायण भोज का आयोजन किया गया। इसमें पड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।