- दुमका और जमशेदपुर की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
टीम एबीएन, रांची। बासुकीनाथ में गैंगस्टर सह कांवरिया अमरनाथ सिंह की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में दो अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है।
दोनों विशाल और अजीत जमशेदपुर के गैंगस्टर राजा शर्मा गिरोह के सदस्य है। हत्या में प्रयोग किये गये पिस्टल को पुलिस ने बरामद किया है। इसके साथ तीन जिन्दा कारतूस भी मिले हैं।
अबतक पांच आरोपी पुलिस के हत्थे
कांवरिया अमरनाथ सिंह हत्याकांड मामले में पांच लोगों को पुलिस दबोच चुकी है। इस केस में जमशेदपुर और दुमका पुलिस दोनों की ओर से अनुसंधान और कार्रवाई जारी है।
इसके पूर्व जमशेदपुर पुलिस ने एमजीएम थाना क्षेत्र से दीपक चौधरी उर्फ टेका और अभिषेक सिंह उर्फ बिट्टू सिंह को गिरफ्तार किया था। इधर, दुमका पुलिस की दबिश की वजह से आरोपी उत्तम महतो ने जमशेदपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
इन तीनों अपराधियों से पूछताछ के क्रम में विशाल सिंह और अजीत मंडल का नाम सामने आया था। इसके बाद दुमका पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।
क्या है हत्याकांड से जुड़ा पूरा मामला
जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र से महज 100 मीटर की दूरी पर बासुकीनाथ नंदी चौक के समीप 27 जुलाई की रात्रि बासुकीनाथ पूजा करने आये जमशेदपुर के गैंगस्टर सह कांवरिया अमरनाथ सिंह की गोली मारकर अपराधियों ने हत्या कर दी थी।
बासुकीनाथ में अमरनाथ सिंह पर विशाल सिंह ने गोली चलायी थी। हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को पुलिस ने बरामद किया है। इसके साथ ही तीन जिंदा कारतूस भी मिले हैं।