- झारखंड के गिरिडीह में बस के नदी में गिरने से तीन की मौत, 24 घायल
टीम एबीएन, रांची। गिरिडीह जिले में शनिवार रात एक बस के बेकाबू होकर नदी में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गये और 24 अन्य घायल हो गये। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 8.40 बजे गिरिडीह डुमरी रोड पर हुई, जब रांची से गिरिडीह जाने के दौरान बस पुल से बराकर नदी में गिर गयी।
अधिकारी ने बताया कि राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बस में कितने यात्री सवार थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा ने कहा कि वह मौके पर हैं और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
गिरिडीह के सिविल सर्जन डॉ एसपी मिश्रा ने मीडिया को बताया कि अस्पताल लाये गये तीन लोगों को मृत घोषित किया गया है, जबकि 24 अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया
इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीम बचाव कार्य में लगी हुई है।
सीएम सोरेन ने ट्वीट किया, दुखद समाचार मिला है कि रांची से गिरिडीह जा रही एक बस गिरिडीह में बराकर नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। जिला प्रशासन की ओर से बचाव कार्य किया जा रहा है।