- नगड़ी के जमीन कारोबारी ने करायी माकपा नेता की हत्या, चार गिरफ्तार
टीम एबीएन, रांची। पुलिस ने माकपा नेता सह जमीन कारोबारी सुभाष मुंडा हत्याकांड की गुत्थी को सुलझा लिया है। हत्या की साजिश रचने और अंजाम देने वाले कुल 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। माकपा नेता सुभाष मुंडा की हत्या जमीन विवाद में की गयी है।
नगड़ी इलाके के ही रहने वाले एक जमीन कारोबारी ने साजिश रच कर किराये के हत्यारों से सुभाष मुंडा की हत्या करवा दी। करोड़ों रुपये की जमीन की डील को लेकर जमीन कारोबारी का माकपा नेता से विवाद था। इसी वजह से सुभाष की हत्या की गयी।
रांची पुलिस ने नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली चौक के पास सात दिन पहले माकपा नेता सुभाष मुंडा की हुई हत्या के मामले की गुत्थी सुलझा ली है। इस वारदात को अपराधियों ने दो करोड़ के बेशकीमती जमीन के विवाद में ही अंजाम दिया है। इसकी पूरी प्लानिंग नगड़ी के ही एक जमीन कारोबारी ने की थी।
रांची पुलिस की टीम की जांच में इसका खुलासा हुआ है। पुलिस की टीम ने शूटर समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है, इसमें से तीन अपराधियों को पुलिस ने इटकी से पकड़ा है, जबकि एक को रांची के बाहर से दबोचा है। अपराधियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किये गये हथियार और बाइक भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है। साथ ही अपराधियों ने पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी भी दी है। इधर, इस घटना में साजिशकर्ता के अलावा अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आयी है।