टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से कारगिल विजय दिवस मनाया गया। मौके पर अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालय देश भक्ति के रंग में रंगा रहा। प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों ने स्वाधीनता के अमर सेनानियों तथा बहादुर सैनिकों की वेशभूषा धारण कर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लिया।
कक्षा षष्ठ से अष्टम तक के विद्यार्थियों ने देश भक्ति नृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया। कक्षा नवम से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लेते हुए भाषण कौशल का प्रदर्शन किया, जिसका विषय राष्ट्रीय एकता और अखंडता रखा गया था। सभी वर्ग में विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। मौके पर राजनीति विज्ञान के अध्यापक कुमार कुशाग्र ने स्वरचित कविता का पाठ करके माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
प्राचार्य संजीत कुमार मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि हम सबके लिए देश सर्वोपरि है। असंख्य कुर्बानियों के बाद हमें आजादी मिली। उसकी हिफाजत करना हम सबका कर्तव्य है। आजादी मिलने के बाद भी देश पर विदेशी हमले होते रहे और हर बार हमारे वीर जवानों ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। देश की एकता और अखंडता को बनाये रखा।
26 जुलाई 1999 को हमारे वीर जवानों ने कारगिल युद्ध में पाकिस्तान पर विजय हासिल की। कारगिल दिवस को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमारे देश के वीर सैनिक सीमा की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार रहते हैं।
हमारे मन में उनके लिए सम्मान की भावना होनी चाहिए। देश के सुरक्षित भविष्य के लिए वे हर दिन अपना वर्तमान दांव पर लगाते हैं। हम सबको उनसे प्रेरणा लेकर अपनी क्षमता के अनुसार देश की सेवा करनी चाहिए। सभा में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक - शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं। राष्ट्रगान के साथ सभा समाप्त हुई।