कोडरमा। उपायुक्त आदित्य रंजन जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये आम-जनों की समस्याओं से अवगत हुए। सभी के शिकायतों को बारी-बारी से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जनता दरबार में आंगनबाड़ी केंद्र चैनपुर मंधौतीमहुआ कोड संख्या-122 में सेविका पद की नियुक्ति को लेकर अनिमियता बरतने की शिकायत उपायुक्त के जनता दरबार में प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने आवेदन के माध्यम से बताया है कि अवैध तरीके से सेविका पद पर अंजु कुमारी को नियुक्त कर दिया। योग्यता एवं मेधासूची को ताख पर रख कर नियुक्ति किया गया है। प्राप्त आवेदन के आलोक में उपायुक्त महोदय ने उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर त्वरित जांच प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिये। उत्क्रमित उच्च विद्यालय पोखरडीहा प्रखंड सतगावां के प्रभारी द्वारा कक्षा 9वीं एवं 10वीं के बच्चों से नामांकन शुल्क, पंजीयन शुल्क, प्रैक्टिकल शुल्क, परीक्षा शुल्क एवं फार्म भरने का शुल्क निर्धारित शुल्क से कई गुना ज्यादा वसूली करने की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्त्ता द्वारा बताया गया है कि विद्यालय के प्रभारी का आचरन गलत है और उनके द्वारा मुझे मानसिक रूप प्रताड़ित किया जाता है। शिकायतकर्त्ता ने उपायुक्त से गुहार लगायी है कि इन परिस्थितियों में मेरे साथ कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसका अविलंब निराकरण करें। उपायुक्त ने जीआरसी को निर्देश दिया कि जांच टीम के द्वारा स्कूल का स्थलीय जांच करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त पेंशन, आवास, राशन कार्ड, जमीन विवाद से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त द्वारा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया।