टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में 31वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए आयोजित दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया। उक्त कार्यक्रम में जिला स्तर के लगभग चालीस शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस वर्ष कार्यक्रम का थीम स्वास्थ्य और कल्याण के लिए पारितंत्र को समझना रखा गया है।
उक्त कार्यशाला में संसाधक के रूप में एनसीएससी झारखंड के राज्य को-ऑर्डिनेटर राजेंद्र कुमार, बीएसएल के एजीएम चंद्र शेखर तथा सेल, बीएसएल के मैनेजर परिचय भट्टाचार्य ने शिक्षकों को कार्यक्रम संबंधी उपयोगी जानकारी दी। संबंधित शिक्षकों को कार्यक्रम की रूपरेखा समझायी।
प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साइंस फॉर सोसायटी, झारखंड विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए जो योगदान दे रहा है, वह सराहनीय है। हम सबको इस दिशा में अपने कर्तव्यों का निर्वाह करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे विद्यार्थी अत्यंत प्रतिभाशाली हैं।
उनके तेज दिमाग़ को उचित मार्गदर्शन मिल जाए, तो वे करिश्मा कर सकते हैं। प्राचार्य ने दो दिवसीय कार्यशाला को सफल बनाने के लिए कार्यशाला में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।