टीम एबीएन, रांची। बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के पास एक लो प्रेशर एरिया बन रहा है। इसके एक दिन पहले झारखंड में बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने शनिवार को झारखंड के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि राज्य में कहीं-कहीं बादल गरजेंगे और वज्रपात भी हो सकता है।
झारखंड में अभी मानसून सक्रिय है। करीब-करीब पूरे राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। चाईबासा जिले में कई स्थानों पर तेज बारिश भी हुई। सबसे अधिक चाकुलिया में करीब 97 मिमी के आसपास बारिश हुई।
राजधानी रांची में दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। रांची में करीब सात मिमी बारिश हुई है। मौसम केंद्र के अनुसार 29 जुलाई तक राज्य में मौसम इसी तरह रहेगा। कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।