टीम एबीएन, गुमला। बसिया प्रखंड स्थित कोयल नदी पुल के समीप शुक्रवार को हुए सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मंझकेरा गांव निवासी रोमानुस कुल्लू (20) की मौत हो गयी। जबकि दूसरा युवक पंकज ओहदार (19) घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना संत जोसेफ इंटर कॉलेज, कोनबीर नवाटोली के दो छात्र मंझकेरा निवासी रोमानुस कुल्लू व पंकज ओहदार एक बाइक में सवार होकर कॉलेज से अपने घर जा रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही एक ट्रेलर ट्रक में जा घुसी।
जहां ट्रेलर ट्रक की चपेट में आने से रोमानुस कुल्लू की घटनास्थल पर मौत हो गयी। वहीं, पंकज ओहदार घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उठाकर तुरंत इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बसिया लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रोमानुस कुल्लू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पंकज ओहदार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया।