टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के नन्हे- मुन्ने विद्यार्थियों ने बाल मेला का आयोजन किया। उक्त मेले में कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने तरह-तरह की दुकानें सजायी। उन दुकानों में तरह- तरह के लजीज व्यंजन से लेकर स्वादिष्ट मिठाइयां, खिलौने, सब्जियां आदि बच्चों के द्वारा ही बेचने व खरीदने के नाटक खेले गये।
सभी बच्चों के चेहरों पर मेले की खुशी साफ झलक रही थी। बच्चे ही दुकानदार तथा बच्चे ही खरीदार अद्भुत दृश्य उपस्थित हो रहा था। प्राचार्य संजीत कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की शिक्षा उन्हें जीवन के अनुभव प्रदान करेगी।
क्रियाकलाप आधारित शिक्षा किताबी बोरियत को दूर करती है। विद्यार्थी खेल-खेल में बहुत कुछ क्रियात्मक ढंग से सीखते हैं, जिनका प्रभाव दूरगामी होता है। नई शिक्षा नीति में भी इसी प्रकार के शिक्षा की अनुशंसा की गयी है।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि भविष्य में भी इस तरह की अन्य गतिविधियों का आयोजन होता रहेगा, ताकि विद्यार्थी खेल-खेल में अमूल्य शिक्षा सानंद ग्रहण करें। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों द्वारा आयोजित मेले में उपस्थित होकर उनका मनोबल बढ़ाया।