Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

दो सगे भाइयों की मौत से बिखर गया एक हंसता-खेलता परिवार

दो सगे भाइयों की मौत से बिखर गया एक हंसता-खेलता परिवार
विज्ञापन
  • शोकाकुल परिजनों ने मिलने पहुंचे विधायक मनीष जायसवाल, परिजनों का बढ़ाया हिम्मत, कहा- आपके साथ खड़े हैं हम

टीम एबीएन, हजारीबाग। बीते 13 जुलाई को हजारीबाग के एक परिवार के लिए बेहद ही वीभत्स और पीड़ादायक दिन रहा। हजारीबाग शहर के इमलीकोठी के मूल निवासी वर्तमान में सिरसी -2 बीच मोहल्ला के रहने वाले स्व भोला प्रसाद केशरी के दो पुत्रों की सड़क दुर्घटना में आकस्मिक मौत हो गयी। 

दोनों सगे भाई देवघर में बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाकर हजारीबाग लौट रहे थे, तभी बगोदर फोरलेन के समीप एक भयंकर सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गयी। इनके कई रिश्तेदार भी इस घटना में घायल हो गये हैं। 

जिन दो सगे भाइयों का आकस्मिक निधन हुआ, उसमें बड़े भाई संतोष केसरी जिनकी उम्र करीब 40 वर्ष थी। ये अपने टेंपो से फेरी करते हुए ब्रेड और लेज, कुरकुरे बेचते थे। वहीं छोटे भाई दीपक केसरी जिनकी उम्र करीब 36 साल थी। ये आटोमेटिक वेट मशीन घूम-घूम कर बेचा करते थे। 

संतोष और दीपक दोनों भाई अपनी मेहनत और लगन की बदौलत सिरसी में घर बनाकर खुशनुमा माहौल में गुजर बसर कर रहे थे। दोनों अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ा रहे थे। संतोष के तीन बच्चों में दो बेटियां और एक पुत्र है। वहीं दीपक को 2 पुत्र हैं। इनमें से एक बच्चा एंजेल्स हाई स्कूल में तो अन्य बच्चे जैक एंड जिल स्कूल में पढ़ते हैं। एक बेटी इंटर में नामांकन के लिए केबी वीमेंस कॉलेज में आवेदन देने वाली है। 

जिस दिन इन दोनों सगे भाइयों का निधन हुआ उसी दिन उनके पिताजी की बरसी भी थी। एक अच्छा हंसता-खेलता परिवार क्षणभर में उजड़ सा गया। परिवार में हर तरफ मातम पसर गया। परिवार जनों के क्रंदन और चीत्कार से पूरा हजारीबाग गमगीन हो गया।

इस घटना से व्यथित हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल दिल्ली से लौटते ही संवेदनशील जनप्रतिनिधि का परिचय देते हुए बुधवार को शोकाकुल परिवार से मिलने उनके बीच पहुंचे। विधायक ने मृतक सगे भाइयों की मां, पत्नी, बच्चे और परिजनों से मिलकर उनके इस विकट दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही। 

विधायक ने एंजेल हाई स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे की फीस तत्काल माफ कराने, अन्य बच्चों के स्कूल से वार्ता करने, केबी वीमंस कॉलेज में एक बच्ची का नामांकन कराने, मृतकों के लिए मुआवजा राशि की प्रक्रिया में हरसंभव मदद करने और दोनों विधवा महिलाओं को रोजगार से जोड़ने में मदद करने का सकारात्मक आश्वासन दिया। 

मृतकों के परिवारजनों ने विधायक मनीष जायसवाल का आभार जताया और भविष्य में उनसे मदद की गुहार लगायी। विधायक श्री जायसवाल ने मृतकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस विकट दु:ख से उबरने के लिए अदम्य शक्ति प्रदान करने की कामना ईश्वर से की।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 30,085