- वाइल्ड लाइफ कंट्रोल टीम की सूचना पर वन विभाग गुमला ने की कार्रवाई
टीम एबीएन, गुमला। हाथी दांत की तस्करी के मामले में वन विभाग गुमला ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग ने गुमला शहर के सिसई रोड से तस्करी के लिए ले जा रहे हाथी के दो दांत बरामद किया है। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार तस्करों में सिसई प्रखंड के बसिया रोड लकेया निवासी प्रेम जायसवाल व पिलखी मोड़ सिसई निवासी छोटन महतो है। ये लोग इलेक्ट्रीक स्कूटी में छिपाकर दो पीस हाथी दांत गुमला से सिसई ले जा रहे थे।
सिसई के बाद हाथी दांत को ओडिशा बॉर्डर तक ले जाना था। परंतु, वन विभाग गुमला की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को हाथी दांत के साथ गिरफ्तार कर लिया।
रविवार शाम को दोनों को जेल भेज दिया गया। कुरूमगढ़ रेंज के रेंजर जगदीश राम ने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए हाथी दांत के तस्करों को पकड़ा गया है।