Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग
विज्ञापन

इमरजेंसी वार्ड में अफरातफरी

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। शहर के एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर के चैंबर में लगे विंडो एसी में शुक्रवार की रात 8 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी। इससे अफरातफरी मच गयी। अस्पताल में लगे फायर एक्सटिंग्विशर से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। फायर एक्सटिंग्विशर चलाने के कारण इमरजेंसी में धुआं भर गया। 

इससे मरीजों को काफी परेशानी हुई। धुएं के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। आग लगने पर चैंबर में बैठे डॉक्टर और नर्स जान बचाकर निकल भागे। इसके बाद अस्पताल के बिजली मिस्त्री को सूचना दी गयी। तब एसी का कनेक्शन काटकर आग को पूरी तरह बुझाया गया। 

अगर फायर एक्सटिंग्विशर नहीं होता तो इमरजेंसी में बड़ा हादसा हो सकता था। बिजली मिस्त्री ने बताया कि 24 घंटे लगातार एसी के चलने से वह गर्म हो गया था, जिस कारण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं है।।

सर्जरी आईसीयू के पंखे में लग चुकी है आग 

पांच मार्च को एमजीएम अस्पताल के सर्जरी वार्ड की आईसीयू में रखरखाव के अभाव में एक पंखे में आग लगने की घटना घट चुकी है। आग के बाद पंखा टूटकर गिर गया था, जिसमें वहां भर्ती एक मरीज बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद वार्ड के अस्पताल की वायरिंग और अन्य पंखों की जांच नहीं की गयी थी। रखरखाव के अभाव में पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है।

अस्पताल में लगे 40 एसी महीनों से है खराब 
अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में लगे 40 स्प्लिट एसी महीनों से खराब पड़े हैं। इसमें कई ओटी भी शामिल हैं। बर्न वार्ड में जले मरीजों के लिए एसी की सुविधा है। सारे बर्न वार्ड में एसी लगा है। लेकिन रखरखाव के अभाव सारे एसी हांफ रहे हैं। डीसी की गठित टीम ने उक्त बिंदु पर अधीक्षक से शोकॉज भी पूछा था।

आईसीयू की छत का प्लास्टर मरीज के बेड पर गिरा
एमजीएम अस्पताल में आईसीयू की छत का प्लास्टर शुक्रवार को झड़ कर मरीज के बेड पर गिर गया। इसमें मरीज बाल-बाल बच गये। आनन-फानन में मरीज को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। अस्पताल की भवन काफी पुरानी हो चुकी है। इस कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। 14 जून को भी सर्जरी विभाग के बाहरी हिस्से का एक छज्जा टूट कर गिर गया था।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 39,340