टीम एबीएन, रांची। डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल रांची में पर्यावरण स्वच्छता सप्ताह का समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के पांचवीं से 12वीं कक्षा के छात्रों ने एकांकी, चित्रांकन, भाषण आदि के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति समाज को जागृत करने का संदेश दिया।
प्राचार्य एस के सिन्हा ने कहा कि केवल अपने शरीर एवं घर को स्वच्छ रखने से एक नागरिक का कर्तव्य पूरा नहीं होता अपितु अपने परिवेश को भी स्वच्छ रखने का प्रयास करना चाहिए। एक पक्षी भी स्नान करता है, खाने के बाद अपनी चोंच को रगड़कर साफ करता है। मनुष्य को उससे शिक्षा लेनी चाहिए। पेड़ों के संरक्षण और संवर्धन से पर्यावरण सुरक्षित और साफ रहता है। पेड़ों को लगाना प्रत्येक मानव का धर्म एवं कर्तव्य है।
इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शिक्षकों ने भी छात्रों को संबोधित किया और स्वच्छता को व्यापक रूप में परिभाषित किया। इस आयोजन को पूरा करने में निराकार आचार्या, जया जयसवाल, कविता मुखर्जी, के नलिनी, गोविंद झा आदि शिक्षकों की भूमिका रही।