टीम एबीएन, रांची। सात जुलाई 2023 को पत्रकारिता विभाग रांची विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया गया। विभाग के सभागार में निदेशक, शिक्षकों, छात्रों तथा कर्मियों ने पत्रकारिता विभाग के 37वें स्थापना दिवस पर केक काट कर उत्सव मनाया।
ज्ञात हो कि पहली बार विभाग का स्थापना दिवस मनाया गया है। सात जुलाई 1987 को रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग की स्थापना पद्मश्री बलबीर दत्त, स्व आर एन झा, पूर्णेंदू शेखर तिवारी तथा अन्य वरिष्ठ पत्रकारों ने मिल रांची विश्वविद्यालय के सहयोग से झारखंड बिहार के पहले पत्रकारिता विभाग की नींव रखी थी।
इस अवसर पर निदेशक डॉ बीपी सिन्हा ने छात्रों को संबोधित करते हुये कहा कि उनका रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से बहुत ही पुराना और आत्मिय संबंध रहा है और मुझे गर्व है कि मैने दशकों पहले भी यहां अध्यापन किया है। आज हम सबों का सौभाग्य है कि आज 37 सालों में विभाग ने गौरवशाली उपलब्ध्यिां प्राप्त कर इस मुकाम तक पहुंचा है।
संस्थापक सदस्य पूर्णेंदू शेखर तिवारी ने विभाग के एक छोटे से कमरे से प्रारंभ होने से लेकर आज तक के यात्रा के बारे में कई खट्टी मीठी यादों को बताया और कहा कि कुछेक बेंच, एक आलमारी और एक टाइपराइटर से विभाग की शुरूआत हुई थी वहां से लेकर आज अपने भवन, परिसर और उपकरणों से लैस अपने इस विभाग को देखना बहुत ही सुखद अनुभूति है।
विभाग के पूर्व छात्र एवं लायब्रेरियन डॉ सुशील रंजन, प्राध्यापक डॉ संकर्षण परिपूर्णन, मनोज कुमार शर्मा ने भी छात्रों को विभाग के स्थापना, अपने छात्र जीवन तथा विभाग की उपलब्धियों के बारे में बताया। इस अवसर पर विभागीय कर्मी डहरू टोप्पो, रेखा बाखला सहित बहुत सारे छात्र उपस्थित रहे।