टीम एबीएन, कोडरमा। जिले में मंगलवार को सुबह एक घूसखोर वनरक्षी को हजारीबाग से आयी निगरानी की टीम ने चार हजार रुपये लेते रंगेहाथ कोडरमा फारेस्ट ऑफिस के निकट शिवम पेट्रोल पम्प के पास से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी।
जानें क्या है पूरा मामला
निगरानी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया गया कि वादी सुरज कुमार (उम्र 23 वर्ष पिता जीतु साव, ग्राम चुटियारो, थाना जिला कोडरमा) के द्वारा इस आशय का आवेदन दिया गया था कि इन्होंने अर्जुन मोदी के रैयती भूमि पर लगे युकेलिप्टस कि पेड खरीदा है जिसको मिल में ले जाना है इसके लिए कोडरमा वन प्रमंडल में तैनात वनरक्षी अमरेंद्र कुमार यूकेलिप्टस पेड़ के एवज में घूस की मांग कर रहा था।
मामले को लेकर पीड़ित सूरज कुमार ने एसीबी से शिकायत किया था कि अर्जून मोदी के रैयती भूमि पर लगे युकेलिप्टस का पेड़ खरीदा, जिसका टीपी फ्री होता है, जिसे परिवहन कर चिराने के लिए आरा मिल ले जाना होता है। इसके लिये वनरक्षी का परमिशन आवश्यक है। परमिशन के लिये वनरक्षी पांच हजार रुपये घूस मांग रहा था।
पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी हजारीबाग से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की। इसके बाद मंगलवार को एसीबी की टीम आरोपित वनरक्षी को चार हजार घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपित वन रक्षी को एसीबी की टीम अपने साथ ले गयी।