टीम एबीएन, लातेहार। हेरहंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हुम्बू गांव निवासी पुसन राम (70) को जंगली हाथियों ने मार डाला। रविवार को पुसन राम का शव हुम्बू गांव के बगल में स्थित जंगल से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण पुसन राम शनिवार को अपने घर से डोरी चुनने के लिए जंगल की ओर गया था। लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। रात में परिजनों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया। लेकिन जंगल में हाथियों के जारी आतंक के कारण रात में वे लोग जंगल में नहीं गये। रविवार की सुबह परिजन तथा अन्य ग्रामीण पुसन राम को ढूंढने के लिए जंगल में गये तो देखा कि उसका शव पड़ा हुआ है।
इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस तथा वन विभाग के अधिकारियों को दे दी। वन विभाग के अधिकारी और कर्मी घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन करने के बाद इसकी पुष्टि की कि वृद्ध की मौत हाथी के हमले के कारण ही हुई है। उसके बाद बंद विभाग ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा उपलब्ध कराया।
वहीं मुआवजे की शेष राशि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा अन्य कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दिये जाने की बात कही गयी। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके में जंगली हाथियों का आतंक चरम पर पहुंच गया है।
लगभग 15 की संख्या में जंगली हाथी जंगलों में घूम रहे हैं और लगातार उत्पात भी मचा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल से भगाने की अपील की है।