टीम एबीएन, रांची। मौसम का मिजाज बदल रहा है लेकिन आसमान से आफत भी बरस रही है। बारिश के दौरान वज्रपात से प्रदेश का कई इलाका प्रभावित है। आकाशीय बिजली से लोग अपनी जान भी गंवा रहे हैं। ताजा मामला रांची से सटे बेड़ो का है, जहां गुरुवार को वज्रपात से दो बच्चों की मौत हो गयी।
इटकी थाना क्षेत्र के झिंझरी के टटकुंदो पतराटोली गांव में गुरुवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे वज्रपात से दो बच्चों की मौत हो गयी। इस हादसे में एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गयी है। प्रिंस तिर्की (11) और खुशी उरांव (9) की मौत हो गयी। वहीं किरण कुमारी (17) झुलस गयी।
प्रिंस तिर्की (पिता बुधुवा तिर्की) टटकुंदो पतराटोली और खुशी उरांव (पिता एतवा उरांव) बेड़ो थाना के पांडेपारा गांव की रहने वाली थी। वहीं घायल किरण कुमारी (पिता अनमोल उरांव) टटकुंदो पतराटोली की निवासी है।