- झारखंड में तुष्टिकरण, जमीन घोटाला और घुसपैठ को सरकारी संरक्षण
- भाजपा विकास की यात्रा से लिखेगी नयी कहानी
टीम एबीएन, रांची/गिरिडीह। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पूरी दुनिया मोदी की प्रशंसा कर रही है, विश्व में प्रधानमंत्री और भारत का डंका बज रहा है, लेकिन, कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। श्री नड्डा गुरूवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बौखलाहट से कुछ फर्क नहीं पड़ने वाला, हम विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाते हुए एक नयी कहानी लिखेंगे। उन्होंने कहा कि भारत की बदलती तस्वीर और तकदीर का नेतृत्व करने वाले कोई नहीं वे पीएम मोदी हैं। कितनी खुशी होती है जब मोदी बोलते हैं तो दुनिया सुनती है। योग दिवस पर मोदी ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अपनी संस्कृति से जु़ड़ी, अपनी विधा योगा का नेतृत्व किया।
नोबेल पुरस्कार विजेता पॉल रोमर, दुनिया के टॉप बिजनेसमैन एलन मस्क ने कहा कि वे भी मोदी का प्रशंसक हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा- झारखंड सरकार जमीन घोटाले, भ्रष्टाचार में लिप्त है। राज्य में तुष्टिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गयी है। कानून तोड़ने वालो का साथ राज्य सरकार दे रही है।
संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठिये, रोहंगिया आदिवासी बेटियों-बहनों का शोषण कर रहे हैं। राज्य सरकार मौन साधे है। श्री नड्डा ने रामगढ़ में एनडीए उम्मीदवार सुनीता चौधरी को विपरीत परिस्थिति में भी जीताने के लिए जनता को साधुवाद दिया। इसके पूर्व उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, पारसनाथ की भूमि सहित झारखंड के तमाम महापुरुषों को नमन करते हुए अपना संबोधन प्रारंभ किया।
मंच पर प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, आदित्य साहू,अन्नपूर्णा देवी, आशा लकड़ा, समीर उरांव ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर जेपी नड्डा का स्वागत किया।
परिवारवादी पार्टियों का समय खत्म
जेपी नड्डा ने कहा कि वह यहां मोदी के सुशासन की बात करने आये हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टियों की सांस उखड़ चुकी है। झारखंड में भी सत्ताधारी झामुमो-कांग्रेस सरकार की स्थिति डवांडोल है। उन्होंने झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर भगवा परचम लहराने का संकल्प दोहराया। साथ ही कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही भारत को विश्वगुरी बनायेंगे।
इस मौके पर झंडा मैदान के जनसभा मंच पर गिरिडीह जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई ने उन्हें सदस्यता दिलाई। जेपी नड्डा ने सरोद वादक मोर मुकुट केडिया बंधु के आवास पर जाकर उन्हें सम्मानित किया।