कोडरमा। ग्रामीण इलाकों में 15वें वित्त आयोग से हो रहे कई योजनाओं के निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार को जिला परिषद प्रधान शालिनी गुप्ता ने शिलान्यास और उद्घाटन किया। डोमचांच प्रखंड अंतर्गत मसमोहना पंचायत के ग्राम असनाबाद में श्मशान घाट के पास गार्डवाल निर्माण, कुंडीधनवार के वार्ड नंबर 5 में बिरजू महतो के घर से शिव मंदिर प्रांगण तक पीसीसी पथ निर्माण का शिलान्यास किया। वहीं उन्होंने कोडरमा प्रखंड के इंदरवा श्मशान घाट में 300 फीट पीसीसी सड़क निर्माण का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं की कुल प्राक्कलित राशि लगभग 25 लाख रुपये है और योजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीणों को विभिन्न कार्यों को संपादित करने में आसानी होगी। इसके पहले कोडरमा के लखीबागी में जिला परिषद डाक बंगला के एक हिस्से में 97 लाख की लागत से बनने वाले पार्क का भी शिलान्यास किया गया है। वहीं कई अन्य योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। मौके पर जिला परिषद सदस्य रेखा देवी के अलावा देव नारायण प्रसाद, रूपेश सिंह, विनय कुमार सिंह, शशि भूषण प्रसाद, मदन सिंह, मनोज यादव समेत कई लोग मौजूद थे।