टीम एबीएन, खूंटी। जिले के अड़की थाना क्षेत्र के चातम उटुब गांव के पास अनियंत्रित होकर एक सवारी गाड़ी खाई में गिर गयी। खाई में सवारी गाड़ी गिरने से घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गयी है, मृतकों में दो महिला और दो पुरूष शामिल हैं।
जबकि 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सदर अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आयी है।
बताया जा रहा है कि अड़की के ग्रामीण सायको बाजार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सवारी गाड़ी अनियंत्रित हो गयी और खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त घटी जब सायको बाजार से ग्रामीण एक ही सवारी गाड़ी पर सवार होकर अपने-अपने घर अड़की की ओर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सवारी वाहन में दो दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे और गाड़ी की गति तेज होने के कारण अचानक तीखे मोड़ पर सवारी गाड़ी असंतुलित हो गयी, जिससे ये दुर्घटना घटी। घटना के वक्त कुछ ग्रामीण पैदल ही अपने घर लौट रहे थे।
उन्होंने ही कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कच्ची सड़क और सुनसान रास्ते में चीख पुकार की आवाज गांव तक पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गये।